प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर लेहड़ा देवी मंदिर में पूजन-अर्चन व सुंदरकांड पाठ सम्पन्न ।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महराजगंज।
भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में विधानसभा फरेंदा के पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह के नेतृत्व में लेहड़ा दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मां लेहड़ा वाली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करने की कामना की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक तथा भक्तगण उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरु के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए भारतीय लोकतंत्र में एक नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि देश के गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए समर्पित जनसेवा की लंबी यात्रा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, सुशासन, आत्मनिर्भर भारत, आधारभूत संरचना के विकास तथा वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। उनके नेतृत्व में भारत विकास, विरासत और वैश्विक नेतृत्व के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
पूर्व विधायक ने मां लेहड़ा वाली एवं भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के संकल्प से प्रेरित यह अविराम यात्रा विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करे तथा देश को प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम के नए शिखरों तक पहुंचाए।
कार्यक्रम का समापन सुंदरकांड पाठ एवं आरती के साथ हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की उन्नति और प्रधानमंत्री के सफल नेतृत्व के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख हरिश्चंद्र सोनकर , पूर्व मंडल अध्यक्ष चंदू सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जयसवाल, योगेंद्र यादव दिलीप गुप्ता, जयप्रकाश गौड़ आदि मौजूद रहे।



