जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने महाव नाला का किया निरीक्षण।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज
जनपद में आगामी वर्षा एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी महराजगंज गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा बुधवार को संयुक्त रूप से बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना बरगदवा क्षेत्र स्थित महाव नाला, थाना ठूठीबारी क्षेत्र स्थित चंदन नदी पूल तथा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का भ्रमण कर बाढ़ से संबंधित तैयारियों, जल निकासी व्यवस्था, तटबंधों की स्थिति तथा आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु सभी आवश्यक संसाधनों एवं उपकरणों को समय रहते तैयार रखा जाए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों की सतत निगरानी, नावों एवं राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। भारत नेपाल सीमा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीमा से सटे गांवों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर लोगों की सुरक्षा एवं आवागमन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर निरंतर सतर्क रहने के निर्देश प्रदान किए गए। भारतीय क्षेत्र के शिंगटी गांव से प्रवेश कर रही पहाड़ी नाला महाव मधवलिया रेंज सगरहवा बीट के जंगल तक कुल 23 किमी के परिक्षेत्र में बहती है। जिसमे जंगल का 8 किमी भू भाग भी शामिल है । नाला सर्पीले आकर में होने के कारण करीब 28 टेढ़े मेढे खतरनाक मोड़ है। तटबंध जर्जर होने के कारण पानी के दबाब से नाला प्रत्येक वर्ष कई स्थानों पर तोड़ते हुए क्षेत्र में तबाही मचा देता है। निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी को सर्वप्रथम सिंचाई खंड दो के अधिशासी अभियंता ने मानचित्र के जरिये नाला के जर्जर व खतरनाक मोड़ को चिन्हित कराते हुए मरम्मत कराने की आवश्यकता को बताया। निरीक्षण के क्रम में सगरहवा बीट के जंगल में सरकरी नाला को तत्काल सिल्ट निकाल नाला को चौड़ा कराने का निर्देश वनविभाग को दिया ।इस दौरान सिचाई खंड दो के अधिशासी अभियंता राजीव कपिल, उपजिलाधिकारी नौतनवा नवीन प्रसाद, तहसीलदार कर्ण सिंह उपस्थित रहे ।



