उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंज

बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारी परखी गई।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।

महराजगंज आज उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूपीएसडीएमए), लखनऊ के निर्देशन में जनपद महाराजगंज में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बाढ़ मॉक ड्रिल-2026 सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय, खोज एवं बचाव कार्यों तथा राहत व्यवस्था की प्रभावशीलता का परीक्षण करना था।

जनपद की चारों तहसीलों में अलग-अलग परिदृश्यों के आधार पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। तहसील सदर के ग्राम पंचायत डोमरा में व्यापक बाढ़ और गांवों के चारों ओर जलभराव की स्थिति को दर्शाते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत सामग्री वितरण तथा पुनर्वास संबंधी गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। तहसील फरेंदा स्थित जयपुरिया कॉलेज में राहत शिविर, बाढ़ चौकी एवं फील्ड अस्पताल की स्थापना का अभ्यास किया गया। यहां आपदा प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। तहसील निचलौल के ग्राम गेडहवा में नाव पलटने की काल्पनिक घटना पर आधारित अभ्यास कराया गया, जिसमें खोज एवं बचाव कार्यों के साथ घायलों को प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही की गई।

वहीं तहसील नौतनवा में बाढ़ के कारण अवसंरचना ध्वस्त होने की स्थिति को दर्शात हुए प्रभावित लोगों के रेस्क्यू और राहत पहुंचाने का प्रदर्शन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान जिला आपदा परिचालन केंद्र (डीईओसी) को सक्रिय रखा गया तथा इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) के तहत सभी विभागों ने समन्वित रूप से कार्य किया। 11 वीं वाहिनी एनडीआरएफ गोरखपुर, पीएसी फ्लड टीम, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व एवं अग्निशमन विभाग सहित अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का सफल प्रदर्शन किया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास वास्तविक आपदा के समय त्वरित, प्रभावी और समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी गतिविधियों के सफल संचालन के बाद बाढ़ मॉक ड्रिल-2026 को सफलतापूर्वक संपन्न घोषित किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!