उत्तर प्रदेशफतेहपुर

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत, चालक वाहन समेत फरार

खखरेरू फतेहपुर। थाना क्षेत्र के हरदासपुर सराफन गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

सैयद हाशिम खान पुत्र राहत अली 62 वर्ष गांव निवासी अंजना कबीर शुक्रवार सुबह खखरेरू कस्बे में एक निजी चिकित्सक के यहां गए थे। वहां से वापस घर लौटते समय सुबह करीब 9:30 बजे हरदासपुर सराफन गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक की पत्नी का दो वर्ष पूर्व बीमारी के चलते निधन हो चुका है। उनके दो पुत्र हैं, जिनमें एक पुत्र अफरोज विदेश में नौकरी करता है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में संविदा पर बस परिचालक के रूप में कार्यरत है। मृतक अपने भाइयों के साथ गांव में रहते थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल के पास फाइबर लाइन के लिए करीब पांच फीट गहरा गड्ढा खोदा गया है, जिसे खुला छोड़ दिया गया है। लोगों का कहना है कि यदि गड्ढा सुरक्षित ढंग से ढका गया होता तो संभवतः बुजुर्ग अपनी बाइक सड़क से नीचे उतारकर दुर्घटना से बच सकते थे। वहीं, ग्रामीणों और परिजनों के बीच ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टर से टक्कर की चर्चा भी रही।
थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया कि परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!