किसानों का प्रदर्शन, चकबंदी प्रक्रिया पर उठाए सवाल।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, पुरन्दरपुर, महराजगंज।
जिला पंचायत सदस्य सुरेश सहानी के नेतृत्व में शुक्रवार को समरधीरा चौराहे पर किसानों ने चकबंदी विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ग्राम सभा खालिकगढ़, ब्लॉक लक्ष्मीपुर, तहसील नौतनवां में चल रही चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितताओं, किसानों की जमीनों में हेराफेरी तथा धनादोहन के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि चकबंदी विभाग द्वारा उनकी सहमति के बिना खेतों का कब्जा परिवर्तन किया जा रहा है तथा उड़ान चक लगाकर किसानों को उनके वास्तविक रकबे से कम भूमि दी जा रही है। किसानों का कहना है कि रोहिन नदी के दोनों किनारों पर उनकी जमीनों पर बिना मुआवजा दिए बांध का निर्माण कराया गया था, जिसके बाद अब शेष जमीनों में भी कटौती की जा रही है।
किसानों ने कहा कि कुछ प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए गरीब किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है, जिससे गांव में नए विवाद और मुकदमेबाजी की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी भी अप्रिय घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि चकबंदी प्रक्रिया में कब्जा परिवर्तन की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से रोकी जाए तथा नए और पुराने नक्शों, खसरा-खतौनी का मिलान कर विसंगतियों को किसानों की सहमति से दूर किया जाए। इसके अलावा प्रत्येक किसान की समस्याओं की गांव में सुनवाई कर निस्तारण, चकरोड की चौड़ाई 15 से 20 कड़ी करने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए पिलर लगाने तथा जिन किसानों की भूमि से बांध बनाया गया है उन्हें कटौती से मुक्त रखते हुए पट्टा देने की मांग भी की गई।किसानों ने बताया कि उन्होंने पूर्व में चेतावनी दी थी कि यदि 18 जून तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 19 जून से चकबंदी कार्यालय पर गांधीवादी तरीके से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर सूर्यमन निषाद, लीलावती, हरिलाल, ओम प्रकाश, अंगद सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



