LIVE TVउत्तर प्रदेशखेलदेवरियाब्रेकिंग न्यूज़राज्यशिक्षास्वास्थ्य

खेल के मैदान में अचानक थम गई 16 वर्षीय आयुष की सांसें

सलेमपुर से सत्यम पाण्डेय की रिपोर्ट 

गेम पीरियड में साथियों के साथ खेलते-खेलते मैदान में गिरा छात्र, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया


सलेमपुर, देवरिया। जिस मैदान में शुक्रवार दोपहर तक बच्चों की हंसी-खुशी और खेल की आवाजें गूंज रही थीं, वहीं अचानक मची चीख-पुकार ने माहौल को मातम में बदल दिया। कक्षा 11 का 16 वर्षीय छात्र आयुष कुमार साथियों के साथ खेलते-खेलते अचानक मैदान में गिर पड़ा। जब तक विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
कोतवाली क्षेत्र के जयराम कौड़ियां गांव निवासी नारायण का इकलौता पुत्र आयुष कुमार नगर के एक निजी विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र था। शुक्रवार को वह रोज की तरह विद्यालय पहुंचा था। दोपहर में गेम पीरियड के दौरान वह अपने सहपाठियों के साथ मैदान में खेल रहा था। खेलते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा।
आयुष के अचानक गिरते ही उसके साथ खेल रहे छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। साथी छात्रों के शोर पर विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। छात्र की हालत गंभीर देख विद्यालय के निजी वाहन से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर ले जाया गया। लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
महज कुछ देर पहले तक साथियों के बीच खेल रहे आयुष की मौत की खबर ने विद्यालय में भी सन्नाटा पसरा दिया। जिस उम्र में परिवार को बेटे के भविष्य के सपने संजोने चाहिए थे, उसी उम्र में उसकी मौत की खबर ने माता-पिता को गहरे सदमे में डाल दिया।
सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इकलौते बेटे का शव सामने देख माता-पिता और अन्य परिजन बदहवास हो उठे। उनकी आंखों के सामने बार-बार आयुष का चेहरा घूम रहा था।
परिजनों के अनुसार आयुष पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित था और उसका उपचार भी चल रहा था। हालांकि उसकी मौत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!