उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंजशिक्षा

जागरूकता बढ़ाने व बालिका शिक्षा और दाखिले को बढ़ावा देने के लिए पंचायत बैठक आयोजित।

एजुकेट गर्ल्स की मुहिम: हर बेटी तक शिक्षा पहुंचाने के लिए कवलपुर में पंचायत की बैठक।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला महराजगंज।

एजुकेट गर्ल्स द्वारा विकासखंड बृजमनगंज के ग्राम पंचायत कवलपुर में बालिका शिक्षा और स्कूल से बाहर (OOSG) बालिकाओं के दाखिले को बढ़ावा देने के लिए पंचायत बैठक आयोजित की गई। यह पहल संस्था के उस मिशन का हिस्सा है, जिसके तहत हर बेटी को अच्छी शिक्षा और आगे बढ़ने का बराबर मौका मिले।

बैठक का मकसद उन बेटियों को दोबारा शिक्षा से जोड़ना था जो किसी वजह से स्कूल नहीं जा रही हैं। साथ ही जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और दूसरे जरूरी कागजात से जुड़ी परेशानियों पर भी चर्चा की गई, ताकि बेटियों के दाखिले में आने वाली रुकावटों को दूर किया जा सके।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जनार्दन यादव ने कहा कि बेटियों की तालीम समाज की तरक्की की बुनियाद है। उन्होंने सभी बेटियों के दाखिले और जरूरी कागजात बनवाने में पंचायत की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।प्रधानाध्यापक रमेश सिंह ने सरकारी स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई नियमित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पढ़ी-लिखी बेटियां अपने परिवार, समाज और देश का बेहतर भविष्य बना सकती हैं। एजुकेट गर्ल्स की फील्ड कोऑर्डिनेटर सोनाली ने बताया कि संस्था गांव-गांव जाकर हर उस बेटी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है जो स्कूल से बाहर है, ताकि उसे दोबारा शिक्षा से जोड़ा जा सके और वह अपने पैरों पर खड़ी हो सके। टीम बालिका सदस्य रामकेवल ने स्वयंसेवक के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि हर बेटी को पढ़ने का मौका मिलना चाहिए, क्योंकि शिक्षा ही बेहतर जिंदगी की राह खोलती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के जिला कार्यक्रम अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने कहा, “जब हर बेटी पढ़ेगी, तभी हमारा समाज और देश आगे बढ़ेगा।” उन्होंने सभी अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग से मिलकर यह सुनिश्चित करने की अपील की कि कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे।

बैठक में आशा कार्यकर्ता निर्मला, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आशिया खातून, संध्या और मंजू लता, टीम बालिका सदस्य पूजा और रामकेवल समेत स्कूल से बाहर बालिकाओं के अभिभावक मौजूद रहे। बैठक में कुल 78 लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक के सफल आयोजन में एजुकेट गर्ल्स टीम के प्रोग्राम एसोसिएट नीतीश कुमार एवं अरमान, ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर प्रदीप तथा फील्ड कोऑर्डिनेटर साथी संदीप, शादाब, मनोज, सोमनाथ एवं हितेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!