बार बार कहने पर भी पेट्रोल पंप कर्मी ने नहीं दिखाया ‘जीरो’, ग्राहक से की मार पीट।
CCTV में कैद हुई वारदात, पीड़ित ने दिया प्रार्थना पत्र।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महराजगंज।
जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र स्थित ‘इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर मंगलवार 23 जून को एक ग्राहक के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता विकास सहानी, जो कि हाता बेला हरैया के निवासी हैं, के अनुसार वह अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के लिए उक्त पंप पर पहुँचे थे। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने पेट्रोल पंप कर्मचारी से मीटर पर ‘जीरो’ दिखाने के लिए कहा, तो कर्मचारी तैश में आ गया और अभद्रता करने लगा। विकास ने आरोप लगाया कि जब उसने कर्मचारी से ‘जीरो’ दिखाने का आग्रह जारी रखा, तो कर्मचारी ने उसे धक्का दे दिया और गालियां देते हुए भगाने का प्रयास किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने भी उसे घेर लिया। पीड़ित के अनुसार, दो लोगों ने पहले हमला किया और बाद में वहां मौजूद अन्य स्टाफ ने भी उसके साथ जमकर मारपीट की। पीड़ित ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। मारपीट के दौरान वहां तेल भरवाने आए अन्य ग्राहकों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
पीड़ित विकास सहानी ने बृजमनगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



