ब्रेकिंग न्यूज़

श्याम देउरवा में पीस कमेटी की बैठक, डी एम व यस पी ने कहा होगी सख़्त कार्यवाई।

सामाजिक सौहार्द बिगड़ने वालों पर प्रशासन सख़्त।

 

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज।

आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना श्यामदेउरवा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने की।

बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के सम्मानित लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित करते हुए मोहर्रम के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी सद्भाव, अनुशासन और सामाजिक समरसता के साथ मनाया जाए। उन्होंने लोगों से अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने का आग्रह करते हुए संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनपद पुलिस द्वारा मोहर्रम के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने ताजिया जुलूसों को निर्धारित मार्गों से निकालने, यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने भी अपने सुझाव एवं स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने संबंधित समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी और जनसहयोग से मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

बैठक के अंत में प्रशासन एवं पुलिस ने सभी नागरिकों से सामाजिक सौहार्द, आपसी समन्वय और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!