व्यापारियों की समस्याओं का करें तुरन्त निस्तारण जिलाधिकारी।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने, व्यापारिक गतिविधियों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने तथा व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने संयुक्त रूप से की। बैठक में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, उद्यमी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा तथा व्यापारिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय पुलिस को बाजारों में नियमित गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता की जांच करने तथा व्यापारियों के साथ निरंतर संवाद बनाए
रखने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को उद्यमियों एवं व्यापारियों की वैध समस्याओं का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में प्रशासन ने बताया कि उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। बैठक में प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।



