उत्तर प्रदेशफतेहपुर

बारात में न बुलाने की रंजिश में दंपती पर कुल्हाड़ी से हमला, दोनों गंभीर रूप से घायल

 

खखरेरू  फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बसवा में बारात में सम्मान न मिलने की रंजिश को लेकर एक युवक ने पड़ोसी दंपती पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कौशाम्बी जनपद के थाना सराय अकिल क्षेत्र के ग्राम कटैनी निवासी पितईलाल पुत्र मसुरीलाल अपने साले की बारात में शामिल होने के लिए ग्राम बसवा आए थे। आरोप है कि बुधवार शाम करीब पांच बजे बारात से लौटने के बाद वह साले के घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान पड़ोसी भरतलाल पुत्र मेवालाल, जो कथित रूप से शराब के नशे में था, वहां पहुंचा और बारात में न पूछे जाने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा।
पितईलाल द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से उनके सिर पर कई वार कर दिए। पति को बचाने आई पत्नी सुमित्रा पर भी उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल दंपती ने खखरेरू थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!