दुबौलिया के गुलराजपुर में रोटावेटर की चपेट में आने से 8 वर्षीय अमन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्रामसभा दुबौलिया गुलराजपुर टोला निवासी आठ वर्षीय अमन पुत्र किशोर की रोटावेटर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम घर के पास खेत में ट्रैक्टर से रोटावेटर चल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम अमन अचानक रोटावेटर की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल बालक को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बृजमनगंज थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है अभी हमें प्रार्थना पत्र नहीं मिला है मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। फिर भी पुलिस मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।



