ग्राम सभा की तालाब भूमि से हरे पेड़ों की कटान का आरोप, एसडीएम से जांच व कब्जा हटाने की मांग
खखरेरू फतेहपुर तहसील खागा क्षेत्र के ग्राम तेन्दुआ ग्राम सभा की तालाब भूमि पर लगे दर्जनों हरे-भरे पेड़ों की कथित अवैध कटान और भूमि पर कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) खागा को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम निवासी शिवप्रसाद द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम सभा के गाटा संख्या 849 एवं 850 स्थित सार्वजनिक तालाब की भूमि पर वर्षों से लगभग 20 आम, 15 महुआ, 10 शीशम और 20 बबूल के पेड़ खड़े थे, जिनका उपयोग ग्रामीण करते थे।
शिकायत के अनुसार, गांव के कुछ लोगों ने कथित रूप से तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया और ग्राम सभा की अनुमति के बिना वहां खड़े पेड़ों का सौदा करीब एक लाख रुपये में कर दिया। आरोप है कि इसके बाद एक सप्ताह के भीतर सभी हरे पेड़ों की कटान करा दी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी पक्ष हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गया और जान से मारने की धमकी देकर उन्हें वहां से भगा दिया। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि तालाब की भूमि पर अवैध रूप से खेती कर कब्जा बनाए रखा गया है।
ग्रामीणों ने एसडीएम से पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम भेजकर मौके की निष्पक्ष जांच कराने, तालाब की भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।
एसडीएम खागा अभिनीत कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी। यदि तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया तो उसे कब्जामुक्त कराने के साथ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



