जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ लेने का अधिकार।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्पेशल एजुकेटर्स की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीडब्ल्यूएसएन (दिव्यांग) बच्चों के नामांकन, प्रेरणा पोर्टल पर सत्यापन, स्टाइपेंड, एस्कॉर्ट एलाउंस तथा मेडिकल असेसमेंट सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2026-27 में सीडब्ल्यूएसएन बच्चों के 301 नामांकन के लक्ष्य के सापेक्ष 307 बच्चों का नामांकन कराया जा चुका है। वहीं प्रेरणा पोर्टल पर 672 बच्चों के सत्यापन में 543 का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि 129 का कार्य
शेष है। जिलाधिकारी ने दिव्यांग बालिकाओं के स्टाइपेंड एवं एस्कॉर्ट एलाउंस की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल असेसमेंट शिविरों के बेहतर आयोजन तथा दिव्यांग बच्चों के प्रमाण पत्र समय से बनवाने पर भी जोर दिया। बीएसए ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 13 मेडिकल असेसमेंट
शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 1064 दिव्यांग बच्चों के प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने स्पेशल एजुकेटर्स को अपने-अपने क्षेत्रों में दिव्यांग बच्चों का चिन्हांकन तेज करने, अभिभावकों का डेटाबेस तैयार करने तथा स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर सभी पात्र बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएसए को मासिक समीक्षा बैठक तथा ब्लॉक स्तर पर बीडीओ की अध्यक्षता में नियमित बैठकें आयोजित कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, एसीएमओ डॉ. राजेश द्विवेदी सहित शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा स्पेशल एजुकेटर्स आदि सभी उपस्थित रहे।


