
स्वाभिमान जागरण देवरिया। गुरुवार को रास्ते के विवाद को लेकर पड़ोसियों ने एक व्यक्ति को लाठी डंडा से पीट पीट कर लहूलुहान कर दिया। सीएचसी लार से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के भीखम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर हुए विवाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया गया। हमले में रामेश्वर तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रामेश्वर तिवारी ने दम तोड़ दिया।
भीखम छपरा निवासी रामेश्वर तिवारी आरएसएस के सक्रिय कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। बताया गया कि उनसे उनके पड़ोसियों से काफी समय से विवाद चलता है। रामेश्वर तिवारी के खेत में जाने का रास्ता पड़ोसी के जमीन से होकर जाता है जबकि पड़ोसी के घर जाने का रास्ता रामेश्वर तिवारी के घर के बगल से होकर जाता है। दोनों परिवारों में बहुत दिनों से तानातनी चल रही थी। गुरुवार को तिवारी अपने घर के पास सड़क पर ब्रेकर का निर्माण करा रहे थे। पड़ोसियों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि ब्रेकर बनने से उनके वाहनों के आवागमन में परेशानी होगी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी के दौरान विवाद बढ़ गया और पड़ोसियों ने रामेश्वर तिवारी पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। सीएचसी लार से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
कार्यवाहक थाना प्रभारी विंध्याचल शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दो बार गांव गई थी, लेकिन आरोपी घर छोड़कर फरार मिले। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाएगी।



