रिश्तों का कत्ल: चचेरी नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, मुकदमा दर्ज
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक अपनी ही 16 वर्षीय चचेरी बहन को बहला-फुसलाकर घर से अपने साथ ले गया। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता के अनुसार, उनकी 16 वर्षीय पुत्री को उनके सगे भतीजे लक्ष्मण उर्फ राहुल पुत्र देशराज ने 30 जून की रात करीब तीन बजे बहला-फुसलाकर घर से अपने साथ ले गया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़ित का आरोप है कि घटना की जानकारी देने पर आरोपी के पिता ने पहले लड़की को खोजकर वापस लाने का आश्वासन दिया था, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी न तो किशोरी का पता चल सका और न ही कोई सहयोग मिला। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए न्याय की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।



