विद्युत विभाग की लापरवाही से मृतक निखिल के परिवार को ₹1 करोड़ मुआवजा देने की मांग

विद्युत विभाग की लापरवाही से मृतक निखिल के परिवार को
₹1 करोड़ मुआवजा देने की मांग
स्वाभिमान जागरण देवरिया
देवरिया। जनपद देवरिया के तहसील एवं विकास खण्ड सलेमपुर अंतर्गत ग्राम पुरैनी पतलापुर निवासी निखिल कुशवाहा (18 वर्ष), पुत्र संजय कुशवाहा की विद्युत स्पर्शाघात (करंट लगने) से हुई दर्दनाक मृत्यु पर राष्ट्रीय समानता दल एवं समाजवादी पार्टी अनुसूचित प्रकोष्ठ के प्रतिनिधिमंडल ने गहरा शोक व्यक्त किया।
राष्ट्रीय समानता दल, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा तथा समाजवादी पार्टी अनुसूचित प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष हरेराम आर्या के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में अनिल शर्मा, अभय कुमार, सुरेश कुशवाहा एवं सतीश कुमार भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि जिस विद्युत पोल के स्टे वायर में करंट प्रवाहित हो रहा था, उसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा कई बार दूरभाष के माध्यम से विद्युत विभाग को दी गई थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। यदि शिकायत पर तत्काल संज्ञान लिया गया होता तो एक होनहार युवक की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने इस घटना को विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन भेजकर मांग की है कि मृतक निखिल कुशवाहा के परिजनों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, घटना की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाए तथा मृतक परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी अथवा समुचित रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि जनपद देवरिया सहित पूरे प्रदेश में विद्युत पोलों एवं स्टे वायरों की तत्काल जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एक युवा जीवन की असमय समाप्ति अत्यंत दुखद है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।


