ट्रॉमा सेंटर निर्माण में लापरवाही पर डीएम सख्त, कार्यदायी संस्था पर एफआईआर के दिए निर्देश

देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज अपने कार्यकक्ष में मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन ट्रॉमा सेंटर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कर हैंडओवर करने के निर्देश पूर्व में भी दिए जा चुके हैं, लेकिन कार्यदायी संस्था द्वारा अपेक्षित प्रगति नहीं की गई। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना में बरती गई लापरवाही के कारण निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं हो सका।
इस पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश प्राचार्य मेडिकल कॉलेज को दिए।
सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कार्यदायी संस्था के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ रजनी पटेल, सीएमएस डॉ एच के मिश्रा, कार्यदाई संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम के जुड़े अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



