उत्तर प्रदेशफतेहपुर

खिड़कियों के मेहराब के सहारे हो रही बिजली आपूर्ति, हादसे की आशंका से दहशत में मोहल्लेवासी

_सरोजिनी नगर में 100 मीटर तक नहीं लगा विद्युत पोल, एक दर्जन से अधिक परिवार जोखिम के बीच रहने को मजबूर_

 

खखरेरू  फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड संख्या-13 सरोजिनी नगर (तकिया मोहल्ला) में बिजली आपूर्ति का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां करीब 100 मीटर क्षेत्र में विद्युत पोल न होने के कारण घरों की खिड़कियों के ऊपर बने मेहराब और दीवारों के सहारे बिजली की लाइन खींचकर एक दर्जन से अधिक परिवारों को विद्युत आपूर्ति की जा रही है। बारिश के मौसम में इस व्यवस्था से करंट उतरने और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है, जिससे मोहल्लेवासियों में भय और आक्रोश व्याप्त है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग 100 मीटर लंबे हिस्से में न तो विद्युत विभाग ने पोल लगाए हैं और न ही नगर पंचायत ने इस दिशा में कोई पहल की है। मजबूरी में विद्युत लाइन को मकानों की दीवारों और खिड़कियों के ऊपर बने मेहराब के सहारे ले जाया गया है। इससे बारिश के दौरान दीवारों में नमी आने पर करंट फैलने का खतरा बना रहता है।

मोहल्लेवासी सागरुद्दीन रहमानी, गयासुद्दीन रहमानी, मोहम्मद आसिफ, मोनू दुर्रानी सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार नगर पंचायत और विद्युत विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि समय रहते विद्युत पोल लगाकर सुरक्षित व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग को प्राथमिकता के आधार पर उक्त मार्ग पर विद्युत पोल स्थापित कर मानकों के अनुरूप बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

इस संबंध में ई ओ हरेंद्र सिंह से वार्ता किया उन्होंने बताया की कल ही संबंधित अधिकारी को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा और तत्काल खंभा की व्यवस्था किया जाएगा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!