LIVE TVउत्तर प्रदेशदेवरियाब्रेकिंग न्यूज़राज्य

स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा में डीएम ने प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश

स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा में डीएम ने प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश

स्वाभिमान जागरण देवरिया, 23 जुलाई।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने ब्लॉकवार प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजनांतर्गत भुगतान की स्थिति, एचबीएनसी (HBNC) रिपोर्ट, एएनसी पंजीकरण, आरबीएसके (RBSK) की प्रगति तथा अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने आभा (ABHA) आईडी बनाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा, ताकि पात्र व्यक्तियों को समय पर योजनांतर्गत लाभ मिल सके।
बैठक में सीबीएसी (CBAC) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान एवं स्क्रीनिंग का कार्य प्रभावी ढंग से किया जाए, जिससे लोगों को समय रहते उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने शिशु मृत्यु दर के कारणों की भी विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण का विश्लेषण करने तथा मृत्यु के कारकों को कम करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े सभी कार्यक्रमों का नियमित अनुश्रवण किया जाए और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!