सलेमपुर में ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ कल्याणकारी शिविर आयोजित, लाभार्थियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र एवं सहायक उपकरण

सलेमपुर में ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ कल्याणकारी शिविर आयोजित, लाभार्थियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र एवं सहायक उपकरण
देवरिया, 24 जुलाई।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देशानुसार समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, प्रोबेशन एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जनपद की सभी तहसीलों में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” की मूल भावना के साथ कल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा चयनित लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में तहसील सभागार, सलेमपुर में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमरेश सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाजसेवी श्याम बहादुर सिंह एवं शिवाकांत तिवारी, सहायक विकास अधिकारी (ग्रामीण अभियंत्रण), सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) तथा समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
शिविर में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा 10 दिव्यांग लाभार्थियों को कान की मशीन, छड़ी एवं स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा ‘ओ’ लेवल कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त 10 लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 15 वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत 30 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथियों ने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित करने के साथ राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि कोई भी गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के अंत में समाज कल्याण विभाग के सहायक विकास अधिकारी ने उपस्थित मुख्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



