सौ हेलमेट बांट कर नगर अध्यक्ष का सुरक्षित यात्रा का संदेश।
सड़क सुरक्षा पर जागरूकता अभियान के तहत बांटे गए हेलमेट।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला महराजगंज।
सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए बृजमनगंज नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जयसवाल ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर एक अनोखी पहल की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर 100 हेलमेट का वितरण किया है।
बताते चले कि बृजमनगंज नगर क्षेत्र में नगर अध्यक्ष राकेश जयसवाल ने पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले वाहन चालकों को रोककर उन्हें निशुल्क हेलमेट पहनाया गया और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
नगर अध्यक्ष ने सभी से अपील करते हुए कहा कि “हेलमेट पहनो, सुरक्षित रहो”। उन्होंने कहा कि एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। इसलिए घर से निकलते समय हेलमेट जरूर पहनें। यह सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि जो वाहन चालक पहले से हेलमेट लगाकर वाहन चला रहे थे, नगर अध्यक्ष राकेश जयसवाल ने उन्हें रोककर गुलाब का फूल देकर धन्यवाद कहा और जो हेलमेट नहीं पहने थे उन्हें हेलमेट पहनाया गया।
इस दौरान उपनिरीक्षक विजेंद्र मिश्रा कांस्टेबल बृजेश पाल,नगर पंचायत के सभासद झिनक विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र चौरसिया, अनिल मणि, सनी रैना और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पुलिस ने भी वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।


