LIVE TVउत्तर प्रदेशदेवरियाब्रेकिंग न्यूज़राज्य

जयकारों से गूँजा देवरहा बाबा आश्रम, हजारों भक्तों ने किया दर्शन-पूजन, लिया सेवा का संकल्प

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, मईल

मईल। गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को देवरहा बाबा आश्रम आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। ब्रह्ममुहूर्त से ही बाबा के जयकारों और शंख-घंटों की ध्वनि से पूरा परिसर गूंज उठा। इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा की प्रतिमा एवं समाधि पर दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

उत्तर प्रदेश, बिहार सहित पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालुओं ने सुबह से ही आश्रम पहुंचना शुरू कर दिया था। भक्तों ने बाबा को पुष्प, चुनरी और प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे दिन “देवरहा बाबा की जय” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आश्रम के पुजारी महंत श्यामसुन्दर दास ने कहा कि “देवरहा बाबा आज भी सूक्ष्म रूप में इस पवित्र स्थल पर विराजमान हैं। जो भी भक्त सच्चे मन, निष्ठा और सेवा भाव से उन्हें याद करता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। बाबा ने हमें मानव सेवा, सत्य और करुणा का संदेश दिया है। उसी मार्ग पर चलना ही गुरु के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”

गुरुपूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। अनेक युवाओं और महिलाओं ने आश्रम की सेवा में तन-मन-धन से सहयोग करने का प्रण किया।

इस अवसर पर आश्रम प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और भोजन की निर्बाध व्यवस्था रही। व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए स्वयंसेवकों की टीम भी तैनात रही।

गुरुपूर्णिमा के इस आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि देवरहा बाबा के प्रति लोगों की आस्था आज भी अटूट है और उनके बताए सेवा व परोपकार के मार्ग पर चलकर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।

खबर अभी अपडेट की जा रही है….

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!