एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को साकार करने के लिए विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुआ व्यापक मंथन, विभागों को जनपद की GDP बढ़ाने हेतु प्रभावी कार्ययोजना का निर्देश

स्वाभिमान जागरण देवरिया।
विकास भवन के गांधी सभागार में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह ने किया।
मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में ग्रामीण अर्थव्यवस्था की सुदृढ़ता, उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं बेहतर समन्वय के माध्यम से विकास की गति तेज करे, जिससे जनपद आर्थिक प्रगति का मॉडल बन सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषि, पशुपालन, शिक्षा, उद्योग, बैंकिंग, सहकारिता, खाद्य एवं रसद सहित सभी विभाग ऐसी कार्ययोजना तैयार करें, जिससे उत्पादन बढ़े, किसानों की आय में वृद्धि हो, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हों तथा स्थानीय संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। स्वयं सहायता समूहों, युवाओं एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित कर गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को विभागवार लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उपायुक्त राज्य कर, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त, सचिव मंडी समिति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


