उत्तर प्रदेशफतेहपुर

विकासखण्ड धाता क्षेत्र के दो गांवों में सर्पदंश से दो महिलाओं की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

 

खखरेरू फतेहपुर धाता विकासखंड के अलग-अलग गांवों में सर्पदंश की दो घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम पसरा है। सूचना पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शासन से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, धाता विकासखंड के उकाथू गांव निवासी फुलिया देवी (65) पत्नी स्व. मैंकू बुधवार सुबह करीब सात बजे खेत में धान की बियाड़ काटने गई थीं। इसी दौरान खेत में मौजूद जहरीले सर्प ने उन्हें डस लिया। खेत घर के निकट होने के कारण महिला के चीखने की आवाज सुनकर उनकी पुत्री मौके पर पहुंची और उन्हें घर लेकर आई। परिजन अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही फुलिया देवी ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि उनके पति की करीब 25 वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मृत्यु हो चुकी थी। वह अपनी विवाहित पुत्री के साथ रहकर जीवन-यापन कर रही थीं। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं, विकासखंड के अदंमऊ गांव निवासी मोनी देवी (30) पत्नी विष्णु सिंह की मंगलवार देर रात सर्पदंश से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, मोनी देवी रात में घर में सो रही थीं। इसी दौरान करीब एक बजे किसी जहरीले जीव ने उन्हें काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मोनी देवी अपने पीछे तीन माह की मासूम बच्ची और शुभम (5) अंजलि (8) छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और आवश्यक लिखापढ़ी करते हुए पीड़ित परिवारों को शासन से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!