पहली ही बारिश में धंसा 2.39 करोड़ की लागत से बना पुल का अप्रोच, आवागमन ठप
_15 दिन पहले हुआ था निर्माण पूरा, ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का लगाया आरोप; PWD बोला- जल्द होगी मरम्मत_
खखरेरू फतेहपुर विकासखंड विजयीपुर के बदनमऊ गांव के समीप ससुर खदेरी नदी-2 पर लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग 2.39 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल का अप्रोच पहली ही तेज बारिश में धंस गया। निर्माण पूरा होने के महज 15 दिन बाद ही अप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त होने से बीचों-बीच गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है।
अप्रोच के क्षतिग्रस्त होने से मुजफ्फरपुर, कछरा, मलूकबारी, खेरवा, बरहा, चंदापुर, गढ़ों और नरौली समेत दर्जनों गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। करीब 40 हजार की आबादी के लिए यह मार्ग प्रमुख संपर्क मार्ग माना जाता है। अप्रोच धंसने के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग और गुणवत्ता की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पुल का अप्रोच पहली ही बारिश नहीं झेल सका, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुल के अप्रोच मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की भी मांग उठाई है।
उधर, PWD के अवर अभियंता ध्रुव तिवारी ने बताया कि अप्रोच पर नई मिट्टी डाली गई थी, जो लगातार बारिश के कारण धंस गई। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत जल्द कराकर आवागमन सामान्य कराया जाएगा।


