गलत निस्तारण पर BDO लार को DM की कड़ी चेतावनी, 3 दिन में मांगी रिपोर्ट

🟥 स्वाभिमान जागरण, देवरिया |
आईजीआरएस पोर्टल पर आई शिकायत का लापरवाहीपूर्ण निस्तारण करना BDO लार को महंगा पड़ गया। जिलाधिकारी *मधुसूदन हुल्गी* ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी लार को कड़ी चेतावनी के साथ नोटिस जारी किया है।
बरडीहा परशुराम निवासी एक व्यक्ति ने आईजीआरएस पर चकरोड को काटकर संकरा किए जाने और उसे पुनः बनवाए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोप है कि BDO लार ने मौके की वस्तुस्थिति देखे बिना और लेखपाल से पैमाइश कराए बिना ही शिकायत को उप जिलाधिकारी को प्रेषित कर दिया।
DM ने जताई नाराजगी:
जिलाधिकारी ने इस निस्तारण को तथ्यहीन और गुणवत्ताहीन बताते हुए कहा कि इस तरह के मामले का निस्तारण लेखपाल से पैमाइश कराकर मौके पर ही किया जा सकता था। इसे दूसरे अधिकारी को भेजकर मामले को टालने का प्रयास किया गया।
डीएम ने BDO लार को तत्काल निर्देशित किया है कि:
1. चकरोड की लेखपाल से पैमाइश कराई जाए
2. उसे नियमानुसार दोबारा बनवाया जाए
3. 3 दिन के भीतर वास्तविक निस्तारण आख्या DM कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



