पूर्व विधायक के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज
नगर पंचायत बृजमनगंज में मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में हजारों लोगों ने भाग लिया।
यात्रा का शुभारंभ दोपहर बाद हरनामपुर चौराहे से हुआ। प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लिए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” जैसे देशभक्ति के नारे लगाते हुए मुख्य मार्ग से गुजरे। मार्ग में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।यात्रा का समापन कस्बे के प्रसिद्ध शिवालय पोखरा स्थित शहीद स्मारक पर हुआ। यहां उपस्थित लोगों ने अमर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान पूरे कस्बे में देशभक्ति का माहौल रहा। युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और व्यापारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने यात्रा को जन आंदोलन का रूप दिया।
राजनीतिक दृष्टिकोण से भी यह यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से क्षेत्र में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। पूर्व विधायकबजरंग बहादुर सिंह की अगुवाई में हजारों समर्थकों की उपस्थिति ने पार्टी की जमीनी पकड़ को दर्शाया।
पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने 15 अगस्त के पर्व को देशसेवा और एकता का संकल्प लेने का अवसर बताया। चेयरमैन राकेश जायसवाल ने कहा कि बृजमनगंज की जनता ने राष्ट्रभक्ति व एकता का विराट संकल्प प्रदर्शित किया है। चेयरमैन राकेश जायसवाल ने नागरिकों का आभार व्यक्त किया। पुलिस प्रशासन ने यात्रा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। अनुशासन और लोगों के उत्साह के कारण यह आयोजन बृजमनगंज के इतिहास में यादगार बन गया।
इस अवसर पर भाजपा नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र यादव, ब्लॉक प्रमुख उदयराज यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिश्चंद्र सोनकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष चंदू सिंह, भाजपा नेता जयप्रकाश गौंड, मनोज कुमार, ब्लॉक प्रमुख उदयराज यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिश्चंद्र सोनकर, मंडल अध्यक्ष दिलीप गुप्ता, प्रधान संघ अध्यक्ष राजू सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष कन्हैया चौहान, आशीष जायसवाल और परशुराम पाल सहित कई पदाधिकारी, सभासद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



