स्वामी देवानंद पीजी कॉलेज लार में “विभाजन की विभीषिका” पर संगोष्ठी, हर घर तिरंगा अभियान के तहत झंडे वितरित

🟥 स्वाभिमान जागरण, देवरिया | 14 अगस्त 2026*
लार। स्वामी देवानंद स्नातकोत्तर मठ लार के सभागार में शुक्रवार को “विभाजन की विभीषिका” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के विभाजन की त्रासदी से अवगत कराना और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना रहा।
संगोष्ठी की शुरुआत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। स्वागत गीत बी.ए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा ममता दुबे ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र कुमार ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ब्रह्मानंद सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि 14 अगस्त को “विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस” के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने छात्रों को बताया कि इस दिन हम उन लाखों लोगों को याद करते हैं जिन्होंने विभाजन के दौरान अपना घर, परिवार और जीवन त्याग दिया था।
विषय पर अपने विचार रीति शर्मा, शिवांगी रंजन, मनीष दुबे, अंजनी यादव और काजल कुशवाहा ने व्यक्त किए। इसके बाद भौतिक विज्ञान विभाग के आचार्य डॉ. सूरज मिश्रा और बी.एड विभाग के आचार्य डॉ. सुधीर राय ने भी अपने विचार रखे।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता शिक्षा शास्त्र विभाग के आचार्य डॉ. विनय पांडेय ने विस्तार से विभाजन के कारणों, परिस्थितियों और उसके दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विभाजन केवल जमीन का नहीं, बल्कि दिलों का भी हुआ था, जिसकी पीड़ा आज भी महसूस की जाती है।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
हर घर तिरंगा अभियान
संगोष्ठी के बाद “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत छात्रों को तिरंगा झंडे वितरित किए गए। प्राचार्य प्रो. ब्रह्मानंद सिंह ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने और तिरंगे के सम्मान की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



