LIVE TVउत्तर प्रदेशदेवरियाब्रेकिंग न्यूज़राज्य

शहीदों को श्रद्धांजलि, दीप और तिरंगे के साथ निकला फ्लैगमार्च 🇮🇳

स्वाभिमान जागरण


देवरिया, 14 अगस्त 2026।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर नगर के रामलीला मैदान स्थित शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलन एवं शहीद रामचंद्र विद्यार्थी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक सदर शलभ मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियो द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग, तपस्या और राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी लाखों स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके आदर्श, त्याग और समर्पण की भावना आज भी हम सभी को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती है।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन महान विभूतियों को याद करने का भी दिन है जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
विधायक सदर शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि विभाजन की त्रासदी और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों द्वारा “शहीदों के नाम एक दीप” शहीद स्थल पर दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की जगमगाहट के बीच सभी ने अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!