उत्तर प्रदेशफतेहपुर

स्वतंत्रता दिवस पर मेधावियों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

 

खखरेरू फतेहपुर स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर श्री साधू शरण सिंह इंटर कॉलेज बरयेपुर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। विद्यालय परिसर को तिरंगे गुब्बारों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक साधू शरण सिंह एवं प्रधानाचार्य श्लेष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। राष्ट्रगान के बाद विद्यार्थियों ने भारत माता की जय के नारों से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह रहा। मुख्य अतिथि ने मेधावी छात्राओं निशा गुप्ता, आस्था देवी और अंकिता सिंह को 5100-5100 रुपये के चेक, जबकि आंचल देवी, राधिका साहू, सायबा वारसी, समरा दानिश, आफरीन फात्मा, रितिक सिंह और अमित कुमार को 3100-3100 रुपये के चेक प्रदान किए। सभी मेधावियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। टॉपर्स के माता-पिता भी सम्मान समारोह में मौजूद रहे।

सम्मान के बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि साधू शरण सिंह ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश के भावी कर्णधार हैं। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए अन्य छात्रों से भी उनसे प्रेरणा लेकर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस मौके पर भोला सिंह, पंकज सिंह, विजय कुमार, गुलाब सिंह, विनय, अखिलेश सिंह, अमर सिंह, मृदुल बाजपेयी, अमित सिंह, पुनीत सिंह, कान्वेंट प्रधानाचार्य शिव कुमार सेन सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। प्रधानाचार्य श्लेष कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, लगन और कड़ी मेहनत के साथ लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और मिठाई वितरण के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!