उत्तर प्रदेशफतेहपुर

कूरियर डिलीवरी के नाम पर ठगी, किसान के खाते से 1.05 लाख रुपये पार

पांच रुपये का भुगतान कराने के लिए भेजा संदिग्ध लिंक, क्लिक करते ही खाते से निकलने लगी रकम

 

 

खखरेरू फतेहपुर कूरियर पार्सल की डिलीवरी के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के बसवा गांव निवासी किसान भानचन्द्र के बैंक खाते से साइबर ठगों ने करीब 1.05 लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर कार्रवाई और रकम वापस कराने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी है।

बसवा निवासी भानचन्द्र पुत्र स्व. सुग्गालाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके साले भोलानाथ ने राजस्थान से इंडिया पोस्ट के माध्यम से उनके लिए मोबाइल फोन का पार्सल भेजा था। एक अगस्त को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को कूरियर कर्मचारी बताते हुए कहा कि पार्सल पर दर्ज पता गलत है और उसे सही कराने के लिए ऑनलाइन महज पांच रुपये का भुगतान करना होगा।
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने भुगतान के लिए क्यूआर कोड मांगा तो कथित कूरियर कर्मचारी ने उनके मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेज दिया। लिंक के माध्यम से पांच रुपये का भुगतान करने के बाद उन्हें खाते से रकम निकलने का पता चला। अगले दिन दो अगस्त को दोपहर करीब 1:41 बजे उनके बैंक खाते से किस्तों में रुपये कटने शुरू हो गए। कुछ ही समय में खाते से करीब 1,05,000 रुपये निकल गए।
मोबाइल पर बड़ी रकम निकाले जाने का संदेश पहुंचने पर भानचन्द्र के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्रकरण साइबर सेल को भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
साइबर ठगी से बचने की अपील: पुलिस ने लोगों से अनजान नंबर से आने वाले कूरियर, बैंक या अन्य किसी सेवा से संबंधित फोन पर सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!