देवरियाब्रेकिंग न्यूज़

रसोइया सम्मान समारोह में रसोइयों को मिले कैशलेस चिकित्सा कार्ड, मानदेय बढ़ाकर तीन हजार रुपये

देवरिया। प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान, कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर रविवार को रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के समानांतर ब्लॉक सभागार सलेमपुर में भी समारोह आयोजित हुआ, जिसमें रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड एवं बढ़े हुए मानदेय के चेक वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 3.53 लाख से अधिक रसोइयों के लिए चार महत्वपूर्ण सौगातों की घोषणा की। रसोइयों का मासिक मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दिया गया। साथ ही मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत रसोइयों और उनके परिवारों को 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा कार्ड दिए जाने की व्यवस्था की गई।

इसके अतिरिक्त रसोइयों के परिधान के लिए मिलने वाले अनुदान को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है। वहीं भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से 2 लाख रुपये का निःशुल्क दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब रसोइयों के मानदेय का भुगतान सीधे बैंक खाते में किया जाएगा, जिससे उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

रसोइया सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार रसोइया बहनों के सम्मान, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य निर्माण में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। रक्षाबंधन के अवसर पर रसोइया बहनों को दो साड़ी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने रसोइयों से विद्यालयों में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमरेश सिंह ने कहा कि रसोइयों का योगदान केवल भोजन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बच्चों के स्वस्थ भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सरकार की ओर से दी गई सुविधाएं उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव खंड विकास अधिकारी रमेश चंद्र मिश्र ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा रसोइयों के हित में लिए गए निर्णय संवेदनशील और दूरदर्शी हैं। चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना बीमा और मानदेय में वृद्धि से रसोइयों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

खंड शिक्षा अधिकारी रामप्यारे राम ने कहा कि मध्यान्ह भोजन योजना के सफल संचालन में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शासन द्वारा प्रदान की गई नई सुविधाएं उनका मनोबल बढ़ाने के साथ बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने रसोइयों से रसोईघर की साफ-सफाई और भोजन वितरण में निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम में लखनऊ से मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम का संचालन गोविन्द मिश्रा ने किया

कार्यक्रम में लार खंड शिक्षा अधिकारी अमित सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक पांडेय, मंडल अध्यक्ष पुनीत यादव, जटाशंकर दूबे, अभिषेक जायसवाल, अनिल ठाकुर, अन्नू सिंह सहित रसोइया एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!