गरीब परिवार पर बारिश का कहर, मकान गिरने से सिर से छत का सहारा भी छिना
पौली गांव में भारी वर्षा से मकान हुआ क्षतिग्रस्त, परिवार के सामने खड़ा हुआ बड़ा संकट

खखरेरू फतेहपुर धाता विकासखंड क्षेत्र के पौली गांव में भारी वर्षा ने एक गरीब परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश के कारण 2 सितंबर 2026 को गांव निवासी श्याम लाल सोनकर व छेददू प्रसाद सोनकर का मकान गिर गया। मकान के गिरने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है और अब उनके सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
बताया जा रहा है कि श्याम लाल सोनकर का परिवार बेहद गरीब है और किसी तरह मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा था। परिवार के पास पहले से ही आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी, ऐसे में बारिश के बीच मकान गिरने से उनकी परेशानी और बढ़ गई। जिस मकान के सहारे परिवार अपना जीवन गुजार रहा था, अब वह भी उनके सिर से छत का सहारा छिन गया है।
मकान गिरने के बाद परिवार की गृहस्थी भी प्रभावित हुई है। बारिश के मौसम में रहने का ठिकाना छिन जाने से परिवार के सामने आने वाले दिनों को लेकर चिंता बढ़ गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन कराने तथा आर्थिक सहायता और आवासीय राहत उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से गांव में कई कमजोर मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में प्रशासन को प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लेकर उन्हें समय रहते राहत पहुंचानी चाहिए, ताकि गरीब परिवारों को बारिश के इस संकट में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न होना पड़े।



