देवरिया

डीएम ने स्वच्छता, पर्यावरण एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

आईजीआरएस के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

देवरिया   जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति, जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला वन एवं पर्यावरण समिति के साथ विकास कार्यों, पशुपालन विभाग तथा आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बैठक में अनुपस्थित होने पर स्पष्टीकरण मांगा गया एवं आईटीआई के प्रधानाचार्य के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण की जियो-टैगिंग का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किया जाए। पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में विकासखंड बैतालपुर के खंड विकास अधिकारी से स्पष्टीकरण एवं एडीओ पंचायत से पंचायत भवन के निर्माण कार्य में लापरवाही बरते जाने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिए गए। वहीं, बैतालपुर के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी एडीओ पंचायत को निर्देशित किया गया कि सीएससी की धनराशि जमा न किए जाने की स्थिति में पंचायत सहायकों के वेतन से उसकी रिकवरी की जाएगी।

पशुपालन विभाग की समीक्षा में पशुओं के स्वास्थ्य, विभागीय योजनाओं तथा पशुपालकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने पशुपालकों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने तथा विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए। शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिले, यह सुनिश्चित करने के साथ ही लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति में सुधार लाएं। जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!