LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशदेवरियाब्रेकिंग न्यूज़राज्य

एआई ने बदला रिश्ता, आचार्य ने यजमान को बना दिया पत्नी!

 

पूजा कराने गए थे, फोटो में सजा दिया सिंदूर—अब शादी के लिए बना रहे दबाव, युवती की तय शादी पर संकट

सलेमपुर। पूजा-पाठ में आचार्य और यजमान का रिश्ता आमतौर पर मंत्र, आशीर्वाद और दक्षिणा तक ही सीमित रहता है। लेकिन सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में एक आचार्य पर आरोप है कि उन्होंने इस रिश्ते की परिभाषा ही बदलने की कोशिश कर दी। युवती का आरोप है कि पूजा के दौरान खिंची तस्वीर को एआई की मदद से ऐसा रूप दे दिया गया, जिसमें दोनों पति-पत्नी जैसे नजर आ रहे हैं। तस्वीर में सिंदूर आदि भी जोड़ दिया गया। अब इसी तस्वीर को आधार बनाकर युवती पर शादी करने का दबाव बनाया जा रहा है।
मामला ग्राम गौरी ठाकुर का है। युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पट्टीदार के घर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन हुआ था। कथा के दौरान उसने गृहकार्य में सहयोग किया। इसी दौरान कथा में आए कपरवार क्षेत्र बडहलगंज से उसकी बातचीत हुई और उन्होंने उसका मोबाइल नंबर ले लिया।
युवती के मुताबिक इसके बाद पंडित ने बनारस और विंध्याचल भगवती के यहां उसकी पूजा भी कराई। पूजा के दौरान उसके गले में माला वाली तस्वीर को अपने साथ जोड़कर एआई की मदद से कथित तौर पर सिंदूर आदि लगा हुआ फोटो तैयार कर लिया। इसके बाद उस फोटो को दिखाकर उससे शादी करने का दावा किया जाने लगा और शादी करने, मिलने-जुलने आदि के लिए दबाव बनाया जाने लगा।
पहले गोपालगंज में तय हुई शादी, अब एआई वाली तस्वीर बनी मुसीबत
युवती का कहना है कि उसकी शादी बरवां, थाना कटया, जिला गोपालगंज में पहले से तय हो चुकी है। आरोप है कि आचार्य की कथित करतूत की वजह से अब उसकी तय शादी भी टूटने के कगार पर पहुंच गई है। यानी जिस पूजा से सुख-शांति की उम्मीद थी, वही तस्वीर अब युवती के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
मामले में युवती ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। उसकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने आचार्य के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
अब जांच में यह सामने आएगा कि पूजा की तस्वीर में एआई ने सिर्फ चेहरा और सिंदूर बदला था या फिर रिश्ते की पूरी कहानी ही डिजिटल तरीके से लिख दी गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!