मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता में दिखा प्रतिभागियों का उत्साह।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला महराजगंज।
आलमाइटी पब्लिक इण्टर कॉलेज, बृजमनगंज में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, राष्ट्रप्रेम एवं भविष्य के भारत के प्रति उनकी सोच को अभिव्यक्त करने के उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की कल्पना को भाषण, प्रश्नोत्तरी एवं पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, समानता, संस्कृति, खेल तथा जिम्मेदार नागरिकता जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।विद्यार्थियों ने कहा कि उनका सपना ऐसा भारत है, जहाँ प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, विज्ञान एवं तकनीक का उपयोग मानव कल्याण के लिए हो, पर्यावरण सुरक्षित रहे और प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो।प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में नितेश कुमार ने प्रथम, राज चौहान ने द्वितीय, श्रीनंदन चौरसिया ने तृतीय, रोशनी ने चतुर्थ तथा विजय लक्ष्मी ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।भाषण प्रतियोगिता में गुलाम गौस ने प्रथम, रोकईया ने द्वितीय, खुशनाज ने तृतीय, आइफा खान ने चतुर्थ तथा रोशनी अग्रहरि ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में अनुष्का ने प्रथम,साक्षी ने द्वितीय, हर्षिता सिंह ने तृतीय, सुनैना ने चतुर्थ तथा प्रतिभा चौहान ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों के सपने ही देश के भविष्य की नींव हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और अच्छे संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेमशंकर चौहान ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर सीखने और अपने सपनों को लक्ष्य में बदलने के लिए प्रेरित किया।



