सफाई कर्मी से मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप
संचारी रोग अभियान के तहत सफाई करने पहुंची टीम से विवाद, सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप

खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के शाहनगर ग्राम पंचायत के मजरे ओरहा में संचारी रोग अभियान के तहत सफाई करने पहुंची टीम के साथ विवाद का मामला सामने आया है। सफाई कर्मी ने दो युवकों पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
धाता थाना क्षेत्र के वेलावां गांव निवासी प्रेमप्रकाश सफाई कर्मी के पद पर तैनात हैं। सीडीओ के निर्देश पर संचारी रोग अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सफाई कर्मियों की टीम शाहनगर के मजरे ओरहा पहुंची थी।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के शहाबुद्दीन ने अपने दरवाजे के पास बंद पड़ी नाली की सफाई के लिए टीम को बुलाया था। नाली में बिजली का टूटा पोल पड़ा होने के कारण उसे हटाने के लिए सफाई कर्मियों ने शहाबुद्दीन से लोहे का सब्बर मांगा। आरोप है कि इसी बात को लेकर शहाबुद्दीन के बेटे कयामुद्दीन उर्फ फैसल और सलाहुद्दीन उर्फ आकिफ विवाद करने लगे।
आरोप है कि दोनों ने सफाई कर्मी प्रेमप्रकाश के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और विरोध करने पर थप्पड़ मार दिया। इससे सरकारी कार्य भी प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद साथी सफाई कर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर स्थिति सामान्य हुई।
पीड़ित ने साथी कर्मचारियों के साथ थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।



