सरकारी ई-रिक्शा से बैटरी और स्पीकर चोरी,ग्राम प्रधान ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के रूहेल्लापुर मजरे राईपुर गांव में चोरों ने ग्राम पंचायत की सरकारी संपत्ति को निशाना बना लिया। सरकारी ई-रिक्शा/कूड़ा गाड़ी में लगी बैटरी और लाउडस्पीकर चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 55,500 रुपये बताई गई है। ग्राम प्रधान ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान गीता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्राम पंचायत की कूड़ा उठाने वाली सरकारी ई-रिक्शा बारिश के चलते उनके घर के पीछे चाचा महेंद्र सिंह के घर के पास खड़ी रहती थी। 19 सितंबर को जानकारी हुई कि अज्ञात चोर ई-रिक्शा में लगी बैटरी और लाउडस्पीकर मशीन चोरी कर ले गए।
ग्राम प्रधान ने पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरी गए सरकारी सामान की बरामदगी और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


