

लखु मोड़ से चनुकी मोड़ तक निकलेगा मार्च, क्षेत्रवासी देंगे श्रद्धांजलि
लार। देवरिया जिले के चार होनहार खिलाड़ियों की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। अपनों को खोने के गम के बीच क्षेत्रवासियों ने खिलाड़ियों की स्मृति में कैंडल मार्च निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया है। 9 अक्टूबर की शाम सात बजे क्षेत्रवासी हाथों में मोमबत्तियां लेकर सड़क पर उतरेंगे।
कैंडल मार्च लार कस्बे के लखु मोड़ से शुरू होकर चनुकी मोड़ तक जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल होकर दिवंगत खिलाड़ियों को श्रद्धांजलि देंगे। मार्च के माध्यम से हादसे में असमय जान गंवाने वाले इन होनहार युवाओं की याद को जीवंत रखने के साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया जाएगा।
खेल के मैदान से उठी चार अर्थियां, गम में डूबा क्षेत्र
चारों युवा खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बनाने की राह पर थे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर लौटते समय हुए भीषण सड़क हादसे ने परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिन युवाओं के हाथों में खेल की ट्रॉफी और आंखों में भविष्य के सपने थे, उनकी तस्वीरें अब परिवार और गांव के लोगों के लिए याद बन गई हैं।
हादसे की खबर के बाद से ही क्षेत्र में शोक का माहौल है। गांवों में लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। युवाओं और खेल प्रेमियों में भी घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मौत सिर्फ उनके परिवारों की क्षति नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय नुकसान है।
मोमबत्ती की रोशनी में दी जाएगी श्रद्धांजलि
कैंडल मार्च के दौरान क्षेत्रवासी दिवंगत खिलाड़ियों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। लखु मोड़ से चनुकी मोड़ तक निकलने वाला यह मार्च खिलाड़ियों के प्रति सम्मान और उनके परिवारों के साथ एकजुटता का संदेश देगा। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की है।



