चेरो के पास सड़क हादसे में पूर्व प्रधान राजाराम यादव की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
स्वाभिमान जागरण, देवरिया।
देवरिया जिले के चेरो चौराहे के समीप शुक्रवार शाम को हुए सड़क हादसे में 53 वर्षीय पूर्व प्रधान राजाराम यादव की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, राजाराम यादव देवरिया से अपने घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ग्राम तिलिया शुक्ल, थाना बरहज निवासी राजाराम यादव पुत्र बीरबल यादव के रूप में हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी मनोरमा देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।



