उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंज

अम्बेडकर पार्क में पांच दिवसीय बौद्ध कथा एवं धम्म जागरण का भव्य शुभारंभ।

भगवान बुद्ध के जीवन, बचपन की लीलाओं और उनके विचारों का हुआ वर्णन, कथा सुनने उमड़े श्रद्धालु।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज।

बृजमनगंज क्षेत्र के लेहड़ा बाजार स्थित फुलमनहा के अम्बेडकर पार्क में अम्बेडकर जन कल्याण समिति के तत्वावधान में मंगलवार से पांच दिवसीय बौद्ध कथा एवं धम्म जागरण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अशोक कुमार पटवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान भगवान बुद्ध के विचारों, उनके जीवन दर्शन और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में कथा वाचन राष्ट्रीय कवि आरएल बौद्ध एवं कुमारी संघप्रिया बौद्ध ने किया। प्रथम रात्रि की कथा में आरएल बौद्ध ने भगवान गौतम बुद्ध के बचपन की लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने भगवान बुद्ध के जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज में शांति, प्रेम, करुणा, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया। कथा के दौरान उपस्थित श्रोताओं ने ध्यानपूर्वक भगवान बुद्ध के जीवन प्रसंगों को सुना।

वक्ताओं ने कहा कि भगवान बुद्ध के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके बताए सत्य, अहिंसा, करुणा और मानवता के मार्ग पर चलकर समाज में आपसी सद्भाव और समानता को बढ़ावा दिया जा सकता है। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से लोगों को महापुरुषों के विचारों को जानने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा मिलती है।

पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजन के माध्यम से लोगों को बौद्ध धर्म की शिक्षाओं, भगवान बुद्ध के जीवन दर्शन और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रामू बौद्ध, जोगमन भारती, दिलीप बौद्ध, राममिलन पटवा, डॉ. चंद्र कुमार, रामदवन यादव, सुदर्शन चौरसिया, विनोद यादव, अनिल कुमार एवं मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button