उत्तर प्रदेशफतेहपुर

राम वन गमन के मार्मिक मंचन ने दर्शकों को किया भावुक, कैकेयी-दशरथ संवाद पर छलके आंसू

पंचवटी में सूर्पनखा की उद्दंडता पर लक्ष्मण ने काटे नाक-कान, रामलीला के तीसरे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

खखरेरु फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के रावण मैदान में चल रही रामलीला के तीसरे दिन राम वन गमन और सूर्पनखा प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से ऐसा समां बांधा कि राम वन गमन के मार्मिक दृश्य देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। वहीं, पंचवटी में लक्ष्मण द्वारा सूर्पनखा के नाक-कान काटने के प्रसंग ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

रालीला की शुरुआत भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की तैयारियों से हुई। राजा दशरथ द्वारा राम के राज्याभिषेक की घोषणा से पूरी अयोध्या में उत्सव का माहौल था। इसी बीच दासी मंथरा के बहकावे में आकर महारानी कैकेई ने राजा दशरथ से पूर्व में दिए गए दो वरदान मांग लिए। पहले वरदान में उन्होंने अपने पुत्र भरत के लिए राजगद्दी और दूसरे में भगवान श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांगा।
कैकेई की इस मांग से राजा दशरथ व्याकुल हो उठे। राजा दशरथ और कैकेई के बीच हुए संवाद तथा पिता की आज्ञा का पालन करते हुए भगवान श्रीराम के वन जाने के दृश्य का कलाकारों ने बेहद मार्मिक अभिनय किया। माता सीता और लक्ष्मण के साथ श्रीराम के वन गमन का दृश्य देखकर रामलीला मैदान में मौजूद श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।
इसके बाद पंचवटी में सूर्पनखा प्रसंग का मंचन हुआ। भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को देखकर सूर्पनखा ने विवाह का प्रस्ताव रखा। दोनों भाइयों द्वारा प्रस्ताव अस्वीकार किए जाने पर वह क्रोधित हो गई और माता सीता पर हमला करने का प्रयास किया। इस पर लक्ष्मण ने तलवार से सूर्पनखा की नाक और कान काट दिए। इस प्रसंग का मंचन देखकर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
रामलीला के दौरान कलाकारों ने करुण और वीर रस से भरपूर प्रस्तुतियों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष महाकाल ऋषिराज अग्रहरी, शुभम मोदनवाल, अनुज मिश्रा, शिवम, ऋतिक केसरवानी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों ने रामलीला का आनंद लिया।

Related Articles

Back to top button