बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल, एक जिला अस्पताल रेफर

खखरेरु फतेहपुर थाना क्षेत्र के ऐमापुर पेट्रोल पंप के पास बुधवार दोपहर करीब दो बजे तेज रफ्तार बाइक और सामने से आ रही बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, खागा कस्बे के नई बाजार निवासी कुलदीप (40) पुत्र मेंडीलाल अपने साथी अजय कुमार (22) पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल के साथ बाइक से धाता स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही वे ऐमापुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, सामने से आ रही बोलेरो से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सीएचसी में उपचार के दौरान कुलदीप के हाथ में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अजय कुमार को मामूली चोटें आने के कारण सीएचसी में ही उपचार दिया जा रहा है।
इस संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया है कि तहरीर प्राप्त होने के बाद अग्रिम कार्यवाही कि जाएगी



