उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंजराजनीति

फरेंदा विधानसभा में निषाद पार्टी से संभावित दावेदारी को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी।

एनएच पर धरने में शामिल होकर उठाई निषाद समाज के आरक्षण की आवाज।

दैनिक स्वाभिमान जागरण फरेंदा महराजगंज।

जनपद महराजगंज की 315 फरेंदा विधानसभा क्षेत्र में निषाद समाज के आरक्षण और संवैधानिक अधिकारों को लेकर बुधवार को आयोजित पदयात्रा एवं महासम्मेलन के दौरान राजनीतिक गतिविधियां भी चर्चा में रहीं। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (मत्स्य विभाग) डॉ. संजय निषाद के समर्थन में डॉ. निशांत मणि त्रिपाठी भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने में शामिल हुए।

 

बताया जा रहा है कि डॉ. निशांत मणि त्रिपाठी के आह्वान पर निषाद समाज के आरक्षण और अधिकारों को लेकर डॉ. संजय निषाद ने धरने का रुख अपनाया। इस दौरान डॉ. निशांत मणि त्रिपाठी ने उनके आंदोलन को समर्थन देते हुए धरने में सहभागिता की।

 

राजनीतिक गलियारों में डॉ. निशांत मणि त्रिपाठी की इस सक्रियता को 315 फरेंदा विधानसभा क्षेत्र में उनकी राजनीतिक दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह निषाद पार्टी के समर्थन से विधायक प्रत्याशी के रूप में अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी को लेकर अभी तक किसी आधिकारिक घोषणा की पुष्टि नहीं हुई है।

 

पंकज चौधरी के फोन के बाद स्थगित हुआ धरना

 

निषाद आरक्षण की मांग को लेकर डॉ. संजय निषाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठ गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बावजूद वह अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं महराजगंज के सांसद पंकज चौधरी के फोन पर मिले आश्वासन के बाद डॉ. संजय निषाद ने धरना स्थगित कर दिया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बहाल हुआ।

 

फरेंदा की राजनीति में बढ़ेगी हलचल?

 

डॉ. निशांत मणि त्रिपाठी का निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आंदोलन में खुलकर समर्थन देना फरेंदा विधानसभा की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। अब राजनीतिक नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर डॉ. निशांत मणि त्रिपाठी अपनी दावेदारी किस रूप में और किस मंच से आगे बढ़ाते हैं। साथ ही निषाद पार्टी की ओर से फरेंदा विधानसभा को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है, यह भी आने वाले समय में स्पष्ट होगा।

Related Articles

Back to top button