पूर्व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा निस्तारण जिलाधिकारी।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक आयोजित हुई। इसमें भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। बैठक में भूमि विवाद,सहायक उपकरण, साफ-सफाई और अवैध अतिक्रमण से संबंधित कुल आठ प्रकरण प्रस्तुत किए गए।
इनके त्वरित निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि देश और
समाज के प्रति सैनिकों का योगदान अमूल्य है। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सैनिक बंधु की बैठक का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। वे कभी भी सीधे जिलाधिकारी अथवा प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकते हैं। प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। इस दौरान जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमांडर (सेवानिवृत्त) बृज मोहन ने प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों को समस्याओं के समाधान में लगातार प्रशासन का सहयोग मिल रहा है।



