उत्तर प्रदेशफतेहपुर

बाइक की टक्कर से भट्ठा संचालक की मौत, तीन युवक घायल

_दरियामऊ के पास पैदल घर लौट रहे बुजुर्ग को बाइक ने मारी टक्कर, प्रयागराज के अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

खखरेरु फतेहपुर थाना क्षेत्र के दरियामऊ गांव के पास गुरुवार शाम बाइक की टक्कर से पैदल घर लौट रहे ईंट भट्ठा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। परिजन उन्हें प्रयागराज के जागृति अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान शाम करीब 6:30 बजे उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक भी घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरगौला गांव निवासी अतर सिंह (62) पुत्र भोरेलाल ईंट भट्ठा संचालक थे। गुरुवार शाम करीब चार बजे वह अपने भट्ठे से पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान किशनपुर कस्बे के रहने वाले राजेंद्र (17), पप्पू (18) पुत्र जयचंद्र और सचिन (17) पुत्र अवधेश एक ही बाइक पर सवार होकर खखरेरू थाना क्षेत्र के गेरिया चौराहे की ओर जा रहे थे।

बताया गया कि दरियामऊ के पास स्थित ईंट भट्ठे के नजदीक बाइक सवारों ने अतर सिंह को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें सीएचसी खखरेरू पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मंझनपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें प्रयागराज के जागृति अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया था। बाद में रास्ते में ही उनकी मौत होने की सूचना मिली। तहरीर मिलने पर मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button