जिलाधिकारी ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण।

दैनिक स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने गुरुवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण कक्ष, आयुष्मान काउंटर, एमसीएच विंग और ट्रामा सेंटर का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेडिसिन विभाग की ओपीडी में 40 मरीजों को परामर्श दिया गया था, जबकि बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश रमन के कक्ष में 35 मरीज मिले। डीएम ने दवा वितरण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी की जानकारी ली। पीआईसीयू में 20 बच्चे और एसएनसीयू में 36 नवजात भर्ती मिले। एसएनसीयू में दो कम वजन वाले नवजातों की स्थिति की
जानकारी लेकर उनके बेहतर उपचार और विशेष देखभाल के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण कर ठंड से बचाव के लिए खुले हिस्से को तत्काल बंद कराने को कहा। महिला अस्पताल के लेबर रूम में आठ मरीज भर्ती मिले । डीएम ने जननी सुरक्षा योजना के पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ठंड में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उन्होंने शाम और रात की पाली मेंचिकित्सकों की संख्या बढ़ाने को कहा। साथ ही सभी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्यकर्मियों को जिम्मेदारी से ड्यूटी करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी और सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी मौजूद रहे।



