शिक्षा मित्र संघ ने शिक्षा उन्नयन गोष्ठी कर वित्तराज्य मंत्री को सौपा ज्ञापन

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज
उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत 147788 शिक्षा मित्रों की समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार शुक्ला, प्रदेश महामंत्री सुशील कुमार यादव,प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद वर्मा,गोरखपुर जिलाध्यक्ष राम नगीना निषाद, जिलाध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता ,महामन्त्री महेश सिंह के नेतृत्व में सैकड़ो शिक्षा मित्रो ने धनेवा स्थित केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के आवास पर शिक्षा उन्नयन गोष्ठी कर जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल , पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह,सदर विधायक जयमंगल कन्नौज्जिया,पूर्व जिलाध्यक्ष परदेसी रविदास की मौजूदगी में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चैधरी को ज्ञापन सौंप कर अपनी मांगों को पूर्ण कराने का आग्रह किया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार शुक्ल ने कहा कि आज बड़ी संख्या में शिक्षामित्र शामिल हुए और अपनी मांग रख रहे हैं । उन्होंने कहा कि हम 22 साल से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं। हमारा भी मानदेय शिक्षकों के वेतन के बराबर होना चाहिये । केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि कुछ लोगों के बहकावे में आकर कई शिक्षामित्रों ने पूर्व में हुए चुनाव में भाजपा का विरोध किया था। इसके बावजूद भाजपा सरकार ने उनका मानदेय बढ़ाया। शिक्षामित्र भाजपा सरकार का सहयोग करें। पार्टी और सरकार उनके लिए बेहतर करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार की गलत नीति की वजह से शिक्षामित्रों का यह हाल हुआ है। अगर तत्कालीन सरकार शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक घोषित करने की बजाय उनके शिक्षकों के वेतन समान कर देती तो आज उनकी ऐसी हालत नहीं होती। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्र व राज्य सरकार के शिक्षा मंत्रियों से बात करने की बात कही। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने शिक्षामित्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि केंद्र एवम प्रदेश की सरकार आपके भविष्य को लेकर गंभीर है। पंच प्रणों में विकसित भारत, आत्म निर्भर भारत, विकसित उत्तर प्रदेश, उद्यमी उत्तर प्रदेश व शिक्षित उत्तर प्रदेश के लिए शिक्षा मित्रों को आगामी चुनाव में भाजपा सरकार को समर्थन देने का संकल्प दिलाया। शिक्षा मित्रों ने एक स्वर से समर्थन देने की बात कही और भाजपा जिंदाबाद,पंकज चौधरी जिंदाबाद के नारे लगाकर अपना समर्थन दिया।इस अवसर पर शिक्षा मित्र संघ के प्रदेश प्रवक्ता दिनेश मणि त्रिपाठी,प्रदेश मंत्री अरविंद वर्मा, प्रांतीय कोषाध्यक्ष रमेश मिश्रा, मण्डल अध्यक्ष गोरखपुर मुन्नू निषाद, कुशीनगर जिलाध्यक्ष कैलाश जायसवाल, जिला मंत्री महेश सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उदय राज यादव, दिलिप मणि त्रिपाठी, रवि प्रताप सिंह, केशव सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।



