LIVE TVदेवरियाधर्मब्रेकिंग न्यूज़

इस थाने में जन्माष्टमी की रात को क्या हो गया

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम में सराबोर रहा परिसर

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की रही धूम, आज है डोल मेला

स्वाभिमान जागरण संवाददाता
देवरिया। बंदी गृह के कपाट खोल दिए गए थे। पुलिस ने असलहे रख दिए थे, डंडे तक हाथ में नहीं थे। बदन पर खाकी वर्दी नहीं थी। नए सिविल परिधान में हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन कर रही पुलिस का आज अनोखा अंदाज था। पुलिस आज प्लेट में मिठाई लेकर दौड़ रही थी। कोई पानी पिलाने में व्यस्त था तो कोई आगंतुकों को भोजन कराने में लगा था। नकारात्मक मत सोचिए। दरअसल थाने में जन्माष्टमी मनाई जा रही थी इस लिए पुलिसजन आमंत्रित अतिथियों के स्वागत में पूरे मनोयोग से लगे थे।

भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव सोमवार की रात धूमधाम से मना। घरों में श्रीकृष्ण की झांकी सजाई गई। डोल रखे गए। कीर्तन भजन आराधना पूजन के बीच हर्षोल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। जिले के सभी पुलिस थानों में कृष्ण जन्माष्टमी धूम धाम से मनाई गई। लार थाने पर आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चंद तिवारी थे।

पंडित गिरीश चंद तिवारी ने कहा कि गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं कहा है – परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम्। धर्मसंस्थापनार्थाय संभवामि युगे युगे॥ अर्थात श्रीकृष्ण सत्पुरुषों की रक्षा करने के लिए, दुष्कर्म करने वालों दुष्टों के विनाश के लिए और धर्म की पुनः स्थापना करने के लिए प्रत्येक युग में जन्म लेते हैं। पुलिस का भी ध्येय यही है कि दुष्टों का विनाश हो। हमारी पुलिस चौबीसों घंटे मेहनत करती है तब हम अपने घरों में चैन की नींद सोते हैं।

सोमवार को लार थाना भवन आकर्षक ढंग से सजाया गया। बंदी गृह खोलकर उसकी साफ सफाई की गई। मान्यता है कि भगवान जब जन्म लिए थे तो जेल के फाटक खुल गए थे, इसी परम्परा के पालन में बंदी गृह के कपाट खोल कर श्रीकृष्ण को स्मरण किया जाता है। सूर्य ढलते ही पुलिस द्वारा आमंत्रित अतिथियों का बड़ी संख्या में आगमन शुरू हो गया। प्रभारी निरीक्षक लार कपिलदेव चौधरी, चौकी प्रभारी कस्बा लार धर्मेंद्र मिश्रा, चौकी प्रभारी मेहरौनाघाट धर्मेंद्र कुमार सहित सभी पुलिस स्टाफ आगंतुकों की अगवानी,उनके नाश्ता पानी से लेकर भोजन तक के प्रबंध में जुटे रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ।


इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चंद तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, सलेमपुर के पुलिस उपाधीक्षक दीपक शुक्ला, उपाध्यक्ष जय नाथ कुशवाहा गुड्डन, लार प्रमुख प्रतिनिधि अमित कुमार सिंह बबलू, प्रधान संघ अध्यक्ष आस नारायण सिंह, पूर्व चेयरमैन श्रीराम सिंह, बलबीर सिंह दादा, मनीष कुमार सिंह बंटी, बृजेश धर दुबे, सुनीता राजभर, राहुल सिंह, उमेश विश्वकर्मा, डॉ राजकुमार त्रिपाठी, आलोक कुमार सिंह दरोगा, भोला सिंह, समसुद्दीन नेता, मन्नू गुप्ता, संजय यादव सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

लार नगर पंचायत में आज डोल जुलूस निकलेगा और डोल मेला लगेगा। पुलिस ने डोल मेला सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी व्यवस्था कर ली है।

– रिपोर्ट : पांडे एन डी देहाती

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!